रावण वध कार्यक्रम को लेकर सोमवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

पटना | 29 सितम्बर
गांधी मैदान में आगामी 2 अक्तूबर को आयोजित होने वाले रावण वध कार्यक्रम को लेकर सोमवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयुक्त, पटना प्रमंडल, पुलिस महानिरीक्षक केंद्रीय क्षेत्र, जिलाधिकारी पटना, वरीय पुलिस अधीक्षक पटना, पुलिस अधीक्षक यातायात सहित अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान पदाधिकारियों ने विधि-व्यवस्था और यातायात संचालन की विस्तृत समीक्षा की। रावण वध कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आम जनता की भागीदारी को देखते हुए सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।

अधिकारियों ने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले स्थल पर अतिरिक्त बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही ट्रैफिक संचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है।

जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में अफरा-तफरी न हो, इसके लिए पुख्ता इंतज़ाम किए जाएं। आम जनता को यातायात मार्गों की पूर्व सूचना देने और नियंत्रण कक्ष से लगातार मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

गौरतलब है कि गांधी मैदान में हर साल दशहरा के अवसर पर रावण वध कार्यक्रम में हजारों लोग शामिल होते हैं। इसको देखते हुए प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *