पटना 1 अणे मार्ग से राज्य को मिला विकास का बड़ा तोहफ़ा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को राजधानी पटना स्थित 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ से 11,921 करोड़ रुपये की लागत वाली 20,658 योजनाओं का शिलान्यास, कार्यारंभ एवं उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य में लगातार विकास की नई धारा बह रही है और इन योजनाओं के क्रियान्वयन से आम जनता के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा।
कार्यक्रम के दौरान भवन निर्माण विभाग एवं बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित भवनों के निर्माण हेतु 997 करोड़ रुपये की लागत से 97 योजनाओं का शिलान्यास/कार्यारंभ किया गया। वहीं, 2,467 करोड़ रुपये की लागत से 137 योजनाओं का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री ने किया। इनमें विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा, पशु एवं मत्स्य संसाधन, समाज कल्याण, परिवहन, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, खेल, श्रम संसाधन, राजस्व एवं भूमि सुधार, कला संस्कृति एवं युवा, आपदा प्रबंधन, गृह, कृषि, सामान्य प्रशासन और वाणिज्य कर विभाग की योजनाएँ शामिल रहीं।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पर्यटन विभाग एवं लघु जल संसाधन विभाग की योजनाओं का भी उद्घाटन किया। साथ ही लाभुकों के खातों में राशि का अंतरण कर योजनाओं का सीधा लाभ लोगों तक पहुँचाया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार निरंतर जनकल्याण और आधारभूत संरचना के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। “इन योजनाओं से विकास कार्यों को नई गति और दिशा मिलेगी। इसका प्रत्यक्ष लाभ जनता को मिलेगा और उनके जीवन-स्तर में और सुधार होगा,” उन्होंने कहा।
