महाअष्टमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज राजधानी पटना के विभिन्न शक्तिपीठों में पूजा-अर्चना की

पटना | 30 सितम्बर
महाअष्टमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज राजधानी पटना के विभिन्न शक्तिपीठों में पूजा-अर्चना की। उन्होंने अगमकुआं स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर और पटना सिटी के बड़ी पटन देवी मंदिर में मां दुर्गा की विशेष आराधना की।

मुख्यमंत्री ने मंदिरों में पारंपरिक विधि-विधान से पूजा कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने कहा कि नवरात्रि का यह पर्व समाज में शक्ति, सद्भाव और उत्साह का संदेश देता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि पर्व-त्योहारों पर एक-दूसरे के साथ मिल-जुलकर भाईचारे का वातावरण बनाए रखें।

इस दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन करने पहुंचे और मुख्यमंत्री के साथ उन्होंने भी माता रानी से आशीर्वाद लिया।

नवरात्रि के अवसर पर राजधानी समेत पूरे राज्य में धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल बना हुआ है। जगह-जगह देवी मंदिरों और पूजा पंडालों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *