‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत 25 लाख महिलाओं को 2500 करोड़ की राशि का अंतरण

पटना | 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ से शुक्रवार को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत 25 लाख लाभुक महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपये की दर से कुल 2500 करोड़ रुपये की राशि का अंतरण किया गया।

ज्ञात हो कि इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 सितम्बर 2025 को किया था। उस दिन योजना के तहत राज्य की 75 लाख महिलाओं को 7500 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से हस्तांतरित की गई थी। आज की किश्त के साथ अब तक एक करोड़ महिलाओं को लाभान्वित किया जा चुका है तथा कुल 10 हजार करोड़ रुपये उनके खातों में अंतरित किए जा चुके हैं।

इस अवसर पर एक करोड़वीं लाभार्थी भागलपुर जिले की श्रीमती अंजु कुमारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि यह राशि उनके लिए रोजगार का नया आधार बनेगी और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक मजबूत कदम है।

‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ का मुख्य उद्देश्य राज्य के प्रत्येक परिवार से एक महिला को उनकी पसंद का स्वरोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करना है। प्रारंभिक चरण में 10,000 रुपये की राशि दी जा रही है। इसके बाद रोजगार शुरू करने वाली महिलाओं का आकलन कर 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

राज्य सरकार का विश्वास है कि इस योजना के माध्यम से महिलाओं की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी। महिलाएँ न केवल आत्मनिर्भर बनेंगी बल्कि राज्य एवं देश के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *