गया : शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन

गया। जिले के विभिन्न थानाक्षेत्रों में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शुक्रवार को प्रशासन और पुलिस की सतर्कता के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। विसर्जन जुलूस में शामिल श्रद्धालुजनों ने पूरे उत्साह के साथ देवी दुर्गा की विदाई की और माँ से पुनः आने का आह्वान किया।

जिला प्रशासन और गया पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस बल की विशेष तैनाती रही। जगह-जगह पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे और जुलूस मार्ग पर लगातार निगरानी करते रहे। प्रशासन की सजगता और स्थानीय पूजा समितियों के सहयोग से कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्रोन से भी निगरानी की गई। साथ ही नियंत्रण कक्ष से लगातार मॉनिटरिंग होती रही। श्रद्धालुओं और समितियों द्वारा प्रशासन को पूर्ण सहयोग दिया गया, जिससे आयोजन सामाजिक सौहार्द और धार्मिक परंपराओं के सम्मान के साथ संपन्न हो सका।

जिला प्रशासन ने इसके लिए गया वासियों और पूजा समितियों का आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *