नालंदा में विधानसभा चुनाव को लेकर ईवीएम और वीवीपैट का प्रथम रैंडमाइजेशन संपन्न

नालंदा | 11 अक्टूबर 2025
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 की तैयारियों के क्रम में शनिवार को नालंदा में ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) का प्रथम रैंडमाइजेशन कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रक्रिया जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कुंदन कुमार की अध्यक्षता में न्यू एनआईसी, नालंदा में संपन्न हुई।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि प्रथम रैंडमाइजेशन के माध्यम से प्रथम स्तरीय जांच (FLC) में सही पाई गई ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को विधानसभा-वार यादृच्छिक रूप से आवंटित किया गया। यह कार्य भारत निर्वाचन आयोग के EVM Management System (EMS) पोर्टल के माध्यम से किया गया।

इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश भारत निर्वाचन आयोग के “Manual on Electronic Voting Machine” में उपलब्ध है, जिसे आयोग की वेबसाइट https://www.eci.gov.in/evm-vvpat पर देखा जा सकता है।

जिले में यह रैंडमाइजेशन नालंदा की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों — 171 अस्थावां, 172 बिहार शरीफ, 173 राजगीर (अ.जा.), 174 इस्लामपुर, 175 हिलसा, 176 नालंदा और 177 हरनौत — के लिए किया गया।

रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। इस दौरान आम आदमी पार्टी, लोक समता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भाकपा (माले), भाकपा (माले) लिबरेशन, राष्ट्रीय जनता दल, जनता दल (यू) और लोक जनशक्ति पार्टी के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत विधानसभा-वार आवंटित ईवीएम एवं वीवीपैट की सूची पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा हस्ताक्षर किए गए। यह सूची सभी मान्यता प्राप्त दलों को उपलब्ध कराई गई।

इन मशीनों को संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों को आगामी चुनाव में उपयोग के लिए सौंपा जाएगा तथा इसके बाद उन्हें संबंधित विधानसभा क्षेत्र के स्ट्रॉन्ग रूम में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सुरक्षित रखा जाएगा।

निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची अंतिम रूप से तय किए जाने के बाद, प्रथम रैंडमाइजेशन में चयनित ईवीएम और वीवीपैट की सूची उम्मीदवारों को भी उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *