विधानसभा चुनाव को लेकर दरभंगा पुलिस अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च

दरभंगा | 11 अक्टूबर 2025
आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 को लेकर दरभंगा पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी क्रम में शनिवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) एवं स्थानीय पुलिस बल के जवानों ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला।
पुलिस की यह पहल जिले के संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की स्थिति को बनाए रखने तथा मतदाताओं में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के उद्देश्य से की गई।
फ्लैग मार्च के दौरान संबंधित थाना प्रभारी, वरीय पुलिस पदाधिकारी और CAPF के जवान पैदल मार्च करते हुए गलियों और बाजारों से गुज़रे। इस दौरान लोगों से शांति एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की गई।
जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, अफवाह या विधि-व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के सभी संवेदनशील बूथों की पहचान कर ली गई है और वहां सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है। आने वाले दिनों में इसी तरह का फ्लैग मार्च अन्य इलाकों में भी किया जाएगा।
#BiharPolice #DarbhangaPolice #Mithila #HainTaiyaarHum
