बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : मतदाता जागरूकता की कमान जीविका दीदियों ने संभाली, ग्रामीण इलाकों में बढ़ा रौनक

मुंगेर, 12 अक्टूबर 2025।
बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 के मद्देनज़र जिले में मतदाता जागरूकता को लेकर प्रशासन ने व्यापक स्तर पर अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान की कमान अब जीविका दीदियों ने संभाल ली है। अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में रहने वाले मतदाताओं को मतदान के महत्व से अवगत कराना और उन्हें “शत-प्रतिशत मतदान” के लिए प्रेरित करना है।

जिला प्रशासन एवं जीविका संगठन के संयुक्त प्रयास से चलाए जा रहे इस जन-जागरूकता अभियान को मुंगेर जिले के सभी प्रखंडों — मुंगेर सदर, हवेली खड़गपुर, जमालपुर, बरियारपुर, तारापुर, धरहरा और असरगंज — में जोर-शोर से संचालित किया जा रहा है। जीविका दीदियां घर-घर जाकर लोगों को मतदान दिवस पर मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत, रंगोली निर्माण, स्लोगन लेखन तथा प्रभात फेरी जैसी गतिविधियों के माध्यम से मतदाता जागरूकता को जन-आंदोलन का रूप दिया जा रहा है। साथ ही दीदियां यह संदेश दे रही हैं कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर नागरिक का वोट जरूरी है।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि जीविका दीदियों की सहभागिता से यह अभियान और प्रभावी हो रहा है। उन्होंने कहा कि “महिलाओं की भागीदारी से मतदाता जागरूकता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे इस बार मुंगेर जिले में मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद है।”

(जिला प्रशासन, मुंगेर | बिहार सरकार | मतदाता जागरूकता अभियान 2025)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *