आयुक्त ने लिया छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा, दिए कई अहम निर्देश

पटना, 12 अक्टूबर।
छठ महापर्व 2025 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयारियों में जुट गया है। इसी क्रम में आयुक्त, पटना प्रमंडल, पटना ने रविवार को जिलाधिकारी, पटना; वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना; नगर आयुक्त, पटना नगर निगम तथा अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ दीघा पाटीपुल घाट से कलेक्टरेट घाट तक स्थित विभिन्न छठ घाटों का पैदल स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों पर जाने वाले एप्रोच रोड को पूरी तरह सुचारू एवं अवरोध-मुक्त बनाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं छठव्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही उन्होंने सभी घाटों पर उत्कृष्ट स्तर की सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल सुविधा तथा शौचालयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
आयुक्त ने सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से नदी तट पर सुदृढ़ बैरिकेडिंग करने और स्थानीय प्रशासन, नगर निगम एवं पुलिस विभाग के बीच समुचित समन्वय स्थापित कर एक पूर्णतः दुर्घटना-मुक्त एवं श्रद्धालु-हितैषी वातावरण तैयार करने पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी पटना ने बताया कि सभी घाटों पर सफाई कार्य और प्रकाश व्यवस्था को लेकर नगर निगम की टीम दिन-रात कार्यरत है। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि छठ पर्व के दौरान सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, गोताखोर टीम तथा निगरानी दस्ता तैनात रहेगा।
आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी विभाग अपने-अपने स्तर से कार्यों की प्रगति की निगरानी करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर नगर आयुक्त, पटना नगर निगम, संबंधित प्रमंडलीय एवं जिला स्तरीय अधिकारी, अभियंता तथा पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
#ChhathPuja2025 #Patna #DistrictAdministrationPatna #UrbanDevelopment #PatnaPolice #BiharPolice
Urban Development & Housing Dept., Govt. of Bihar | Home Department, Govt. of Bihar
