खुटाहा रेलवे स्टेशन के पास विदेशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

भागलपुर : बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में गुरुवार की रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खुटाहा रेलवे स्टेशन के पास से दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से कुल 75.375 लीटर विदेशी शराब बरामद की है।
मिली जानकारी के अनुसार, बाईपास थाना में पदस्थापित पु०अ०नि० गोपाल यादव अपने सशस्त्र बल दल — हवलदार हरेन्द्र प्रसाद, सिपाही अमित कुमार और मुकेश कुमार सिंह के साथ रात्रि गश्ती पर निकले थे। इसी दौरान सूचना मिली कि खुटाहा रेलवे स्टेशन के पास शराब की खेप लाई जा रही है।सूचना के आधार पर जब पुलिस दल रात करीब 2:30 बजे मौके पर पहुंचा तो दो व्यक्ति बोरे और बैग लेकर आम के बागान की ओर जा रहे थे।
पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान राजेश यादव पिता अजित यादव और धनराज यादव पिता स्व. मदन यादव दोनों निवासी खुटाहा, थाना बाईपास, जिला भागलपुर के रूप में की गई।पुलिस द्वारा मौके पर तलाशी के दौरान दो बोरे और एक बैग से कुल 75.375 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई,
पुलिस ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई। बरामद शराब और दोनों आरोपितों को विधिवत जप्ती सूची तैयार कर थाना लाया गया।थानाध्यक्ष प्रभात कुमार ने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि “शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
