सुल्तानगंज से निर्दलीय प्रत्याशी अजीत कुमार ने भरा नामांकन, समर्थकों का जनसैलाब उमड़ा — “हमारा विधायक कैसा हो, अजीत कुमार जैसा हो”

सुल्तानगंज
बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र सुल्तानगंज में शनिवार को चुनावी सरगर्मी चरम पर रही। इसी बीच सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी अजीत कुमार ने उत्साहपूर्ण माहौल में अपना नामांकन दाखिल किया।
नामांकन के दौरान सैकड़ों की संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता उनके साथ मौजूद रहे। शहर के मुख्य मार्गों पर जगह-जगह लोगों ने अजीत कुमार का फूल-मालाओं से स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ नारे लगाए — “हमारा विधायक कैसा हो, अजीत कुमार जैसा हो।”
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में अजीत कुमार ने कहा,
“सुल्तानगंज की जनता अब बदलाव चाहती है। लोग वर्तमान विधायक से नाराज़ हैं और विकास की नई दिशा चाहते हैं। आज जो यह जनसैलाब उमड़ा है, वह जनता के विश्वास और परिवर्तन की लहर का प्रतीक है।”
उन्होंने आगे कहा कि जनता की सेवा ही उनका उद्देश्य है और वे बिना किसी पार्टी के बंधन में बंधे हुए सुल्तानगंज के विकास के लिए काम करेंगे।
अजीत कुमार के निर्दलीय रूप से मैदान में उतरने के बाद सुल्तानगंज विधानसभा का चुनावी मुकाबला और रोचक हो गया है। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि उनके प्रत्याशी बनने से स्थानीय मत समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
