बेलहर से जदयू विधायक मनोज यादव ने भरा नामांकन, कहा — “विकास का दूसरा नाम नीतीश कुमार”


रिपोर्ट — शयामानंद सिंह, भागलपुर 

बांका जिले के बेलहर विधानसभा सीट से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के मौजूदा विधायक मनोज यादव ने शनिवार को दूसरी बार अपना नामांकन दाखिल किया। अनुमंडल कार्यालय में नामांकन के दौरान समर्थकों का उत्साह देखने लायक था। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, स्थानीय नेता और आम लोग उनके साथ मौजूद रहे।

नामांकन प्रक्रिया के बाद मीडिया से बातचीत में मनोज यादव ने कहा —
“मुझे क्षेत्र की जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। अपने कार्यकाल में मैंने विकास को प्राथमिकता दी है और आगे भी उसी दिशा में काम करूंगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने नई दिशा पाई है, और आज विकास का दूसरा नाम ही नीतीश कुमार है।”

उन्होंने आगे कहा कि जनता ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे वे कभी टूटने नहीं देंगे।
“मेरे लिए राजनीति सेवा का माध्यम है, पद नहीं। बेलहर की जनता के विकास और सम्मान के लिए मैं निरंतर समर्पित रहूंगा,” उन्होंने कहा।

नामांकन के दौरान अनुमंडल कार्यालय परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे। पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई।

गौरतलब है कि मनोज यादव वर्ष 2020 में पहली बार बेलहर विधानसभा से विधायक चुने गए थे। इस बार भी जदयू ने उन पर भरोसा जताते हुए एनडीए गठबंधन से प्रत्याशी बनाया है। स्थानीय राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि मनोज यादव की सक्रियता और क्षेत्र में विकास कार्यों की बदौलत उनका मुकाबला इस बार भी दिलचस्प रहने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *