बैंकिंग प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की सख्ती, जिलेभर में चला जांच अभियान

लखीसराय | संवाददाता
पुलिस अधीक्षक लखीसराय के निर्देश पर जिले के सभी बैंकिंग प्रतिष्ठानों में शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक जांच अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई बैंक परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और छिनतई जैसी घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से की गई।
अभियान के तहत लखीसराय नगर समेत सभी प्रखंड मुख्यालयों में स्थित बैंकों में तैनात पुलिस बलों ने संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी। बैंक परिसरों, एटीएम, पार्किंग स्थल और आसपास के क्षेत्रों की गहन जांच की गई। पुलिस पदाधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों से सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पुलिस ने बैंक आने वाले ग्राहकों को भी सतर्क रहने और किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि ग्राहकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और पुलिस बल लगातार गश्त व निगरानी बढ़ा रहा है।
इस दौरान पुलिस ने बैंक कर्मियों को सीसीटीवी कैमरों को नियमित रूप से कार्यरत रखने, गार्ड की उपस्थिति सुनिश्चित करने और कैश लेन-देन के समय विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी।
लखीसराय पुलिस ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस हर समय तत्पर है।
#BiharPolice #HainTaiyaarHum #LakhisaraiLive #LakhisaraiNews #LakhisaraiNow #WahhLakhisarai #KhabarLakhisarai #LakhisaraiFirst
