जहानाबाद में 500 ऑटो पर लगा मतदाता जागरूकता बैनर, डीएम और एसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

जहानाबाद | संवाददाता
आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर मतदाताओं को जागरूक करने हेतु जिला प्रशासन जहानाबाद द्वारा एक अभिनव पहल की गई है। शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडे एवं पुलिस अधीक्षक श्री विनीत कुमार के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत जिले में लगभग 500 ऑटो पर मतदाता जागरूकता बैनर लगाए गए।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक मतदाता का एक वोट लोकतंत्र को सशक्त बनाता है। उन्होंने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों सहित ग्रामीण इलाकों में चलने वाले करीब 150 ऑटो को प्रथम चरण में बैनर और पोस्टर से सजाया गया, ताकि मतदान की तिथि 11 नवम्बर 2025 की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुँच सके।
डीएम श्रीमती पांडे और एसपी श्री कुमार ने संयुक्त रूप से ऑटो चालकों को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने ऑटो चालकों से अपील की कि वे जब भी सवारियों को लेकर नगर परिषद क्षेत्र या दूरदराज़ के गाँवों में जाएं, उन्हें मतदान के महत्व के बारे में बताएं और मतदान दिवस पर मतदान केंद्र जाने के लिए प्रेरित करें।
ऑटो चालकों को मतदान जागरूकता से संबंधित बैनर, पोस्टर और जिंगल ऑडियो क्लिप भी उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें वे अपने वाहनों में बजाकर आम जनता को मतदान के प्रति प्रेरित करेंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा —
“लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का वोट अमूल्य है। हमें यह सुनिश्चित करना है कि जहानाबाद का कोई भी योग्य मतदाता मतदान से वंचित न रहे। इस अभियान का उद्देश्य यही है कि हर घर से हर व्यक्ति 11 नवम्बर को मतदान केंद्र तक पहुँचे।”
इस मौके पर जिला स्तर के अधिकारी, स्वीप कोषांग की टीम, ऑटो चालक संघ के प्रतिनिधि और आम नागरिक उपस्थित रहे।
जहानाबाद प्रशासन का यह प्रयास न केवल मतदान प्रतिशत बढ़ाने की दिशा में एक रचनात्मक कदम है, बल्कि यह लोकतंत्र के उत्सव को जनभागीदारी का स्वरूप देने की एक मिसाल भी है।
#आपका_वोट_जहानाबाद_की_नई_सोच
#कोई_योग्य_मतदाता_छूटे_ना
#जिला_प्रशासन_जहानाबाद
#CeoBihar #SVEEP
#ElectionCommissionOfIndia
#ChiefElectoralOfficerBihar
