तमसो मा ज्योतिर्गमय : अंधकार से प्रकाश की ओर — विद्यालयों में मनाया गया दीपोत्सव

जगदीशपुर (भागलपुर), 18 अक्टूबर —
दीपावली और छठ महापर्व की पूर्व संध्या पर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में शनिवार को “तमसो मा ज्योतिर्गमय” — अंधकार से प्रकाश की ओर — आदर्श वाक्य के साथ दीपोत्सव हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया।
मध्य विद्यालय भवानीपुर देशरी, मध्य विद्यालय पिस्ता, मध्य विद्यालय जगदीशपुर, मध्य विद्यालय मुस्तफापुर (हिंदी), मध्य विद्यालय कोलाखुर्द, प्राथमिक विद्यालय कुशवाह, तथा जगदीशपुर अनुसूचित विद्यालय सहित कई शिक्षण संस्थानों में बच्चों ने दीप प्रज्वलित कर, रंगोली बनाकर और शुभकामनाओं का आदान-प्रदान कर दीपोत्सव मनाया।
विद्यालयों में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि दीपावली का यह पर्व सिर्फ घरों को नहीं, बल्कि समाज में ज्ञान और सद्भाव का प्रकाश फैलाने का प्रतीक बने। बच्चों ने “तमसो मा ज्योतिर्गमय” के भावार्थ को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया।
चूंकि रविवार से विद्यालयों में दीपावली, छठ पर्व एवं अन्य त्योहारी अवकाश प्रारंभ हो रहा है, इसलिए शनिवार को “बैगलेस डे” के तहत विशेष सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। बच्चों ने रंगोली प्रतियोगिता, दीप सज्जा और स्लोगन लेखन के माध्यम से पर्यावरण-स्नेही दीपावली मनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक अभिनाश सरोज, वीणा कुमारी, प्रतिमा मिश्रा, भारती कुमारी, पूजा कुमारी, सोनी कुमारी, दुर्गा कुमारी, फूल कुमारी, अंजना कुमारी झा, आशा कुमारी, पूजा भारती, बबीता कुमारी, कनकलता, अर्चना कुमारी, राजीव कुमार, अमित कुमार सिंह, निर्भय कुमार सहित सभी छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
शिक्षकों ने अपने संबोधन में कहा कि दीपावली केवल एक पर्व नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान, और नकारात्मकता पर सकारात्मकता की विजय का प्रतीक है। सभी ने मिलकर जनकल्याण और समृद्ध समाज की कामना की।
