नाथनगर सीट से निर्दलीय प्रत्याशी जय प्रकाश नारायण ने दाखिल किया नामांकन
जनता के समर्थन से चुनावी मैदान में उतरने का किया दावा

संजीव कुमार शर्मा, भागलपुर।
नाथनगर विधानसभा क्षेत्र (158) से निर्दलीय प्रत्याशी जय प्रकाश नारायण ने आज सदर अनुमंडल कार्यालय, भागलपुर में अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। नामांकन के दौरान कार्यालय परिसर में समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिन्होंने नारेबाजी कर अपने उम्मीदवार का उत्साहवर्धन किया।
नामांकन के बाद जय प्रकाश नारायण ने जनता को संबोधित करते हुए कहा, “मुझे जनता ने अपने खर्च पर चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित किया है। जनता के इस प्रेम और समर्थन ने मुझे आगे आने की ताकत दी है।” उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें जीत का आशीर्वाद देती है, तो वे सबसे पहले बाढ़ नियंत्रण और राहत से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देंगे, ताकि हर साल आने वाली बाढ़ से लोगों को स्थायी राहत मिल सके।
उन्होंने आगे कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति में सेवा भाव से काम करना है और जनता की आवाज़ को विधानसभा तक पहुंचाना उनका संकल्प है। उन्होंने यह भी वादा किया कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता होगी।
