हबीबपुर में पोस्टर क्षतिग्रस्त करने से तनाव, एक गिरफ्तार, अन्य की तलाश में पुलिस

भागलपुर। हबीबपुर थाना क्षेत्र के करोड़ी बाजार स्थित पासी खाने के पास सोमवार देर रात अराजक तत्वों द्वारा एक पोस्टर को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना से इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर हबीबपुर थाने की पुलिस त्वरित रूप से मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एसएसपी ने बताया कि घटना का वीडियो और फोटो फुटेज प्राप्त हुआ है, जिसके आधार पर चार युवकों की पहचान की गई है। इनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य तीन की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है।
इलाके में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और रात्रि गश्ती बढ़ा दी गई है। वरीय पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।
