सारण में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, जिलाधिकारी और एसएसपी ने की संयुक्त छापेमारी, दो घर सील

छपरा (सारण)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासनिक एवं पुलिस टीमों द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी सारण श्री अमन समीर और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष के संयुक्त निर्देशन में मसरख थाना क्षेत्र के ग्राम सिकटी भीखम एवं मशरक दक्षिण टोला में अवैध शराब निर्माण और भंडारण के विरुद्ध विशेष छापामारी अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक स्वयं भौतिक रूप से मौजूद रहे और पूरे अभियान का नेतृत्व किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), मसरख थाना पुलिस टीम तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के अधिकारी एवं जवान भी मौके पर उपस्थित थे।
छापामारी के क्रम में कई स्थलों पर तलाशी अभियान चलाया गया, जहां अवैध शराब निर्माण, भंडारण एवं तस्करी से जुड़ी गतिविधियों का खुलासा हुआ। इस दौरान 2110 लीटर पाश (फरमेंटेड वॉश) को नष्ट किया गया तथा 117 लीटर देशी शराब बरामद की गई। साथ ही दो घरों को सील कर दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि चुनाव के मद्देनज़र जिलेभर में अवैध शराब कारोबार पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जिलाधिकारी अमन समीर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराना है, जिसके लिए किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
