नालंदा : बड़गांव छठ घाट की तैयारियों का जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण

राजगीर। कार्तिक छठ पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए आज दिनांक 22 अक्टूबर 2025 को नालंदा के जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री भारत सोनी द्वारा राजगीर अनुमंडल अंतर्गत सिलाव प्रखंड स्थित बड़गांव छठ घाट का निरीक्षण किया गया।

विदित हो कि आगामी 25 से 28 अक्टूबर 2025 तक चलने वाले कार्तिक छठ पर्व के दौरान सूर्य मंदिर बड़गांव छठ घाट पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु स्नान व अर्घ्य अर्पण के लिए पहुंचते हैं। इसको ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने विधि-व्यवस्था एवं जनसुविधाओं की व्यापक तैयारियां आरंभ कर दी हैं।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता, अस्थायी शौचालय, चेंजिंग रूम, क्रियाशील पब्लिक एड्रेस सिस्टम, नियंत्रण कक्ष, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, बैरिकेडिंग, साइनेज, तथा श्रद्धालुओं के ठहराव एवं सुरक्षा की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा दुकानों की सुव्यवस्थित ढंग से स्थापना, पार्किंग व्यवस्था का समुचित प्रबंधन और अवैध वसूली करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। चोर, उचक्कों और पॉकेटमारों पर भी निगरानी हेतु अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए।

गहरे पानी वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के मद्देनज़र एनडीआरएफ, गोताखोरों एवं नावों की पर्याप्त व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही, उन्होंने निर्देश दिया कि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं के बीच बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के संदर्भ में आगामी 6 नवंबर को मतदान हेतु प्रेरणात्मक संदेशों का प्रचार-प्रसार भी किया जाए।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता (पीएचईडी), प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी सहित संबंधित पुलिस पदाधिकारी एवं पूजा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

@CEOBihar
@ECISVEEP

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *