लोक आस्था का महापर्व : अजगैविनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

बिहार-झारखंड से हजारों महिलाओं ने उत्तरवाहिनी गंगा में लगाई आस्था की डुबकी

भागलपुर (सुल्तानगंज) | संवाददाता : श्यामानंद सिंह

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर सुल्तानगंज स्थित प्रसिद्ध अजगैविनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। बुधवार की सुबह से ही बिहार, झारखंड और पड़ोसी राज्यों से आए श्रद्धालु उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान करने और जल भरने के लिए घाटों पर पहुंचने लगे। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की लंबी कतारें गंगा तट तक देखी गईं।

शनिवार से नहाय-खाय के साथ महापर्व छठ की विधिवत शुरुआत होगी, जबकि पहला अर्घ्य अस्ताचलगामी सूर्य को सोमवार को और दूसरा अर्घ्य उदयीमान सूर्य को मंगलवार को अर्पित किया जाएगा। इसी को लेकर श्रद्धालु पहले से ही गंगा जल लेने के लिए सुल्तानगंज पहुंच रहे हैं, ताकि व्रत की तैयारियां समय पर पूरी की जा सकें।

अधिक भीड़ के कारण शहर के कई मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें और बीच-बीच में जाम की स्थिति भी बनी रही। भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी लगातार गश्त करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवाजाही में मदद कर रहे हैं।

वहीं नगर परिषद सुल्तानगंज की ओर से गंगा घाट से लेकर पूरे शहर में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अस्थायी चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अजगैविनाथ धाम में गूंज रहे “छठ मइया के जयकारे” और श्रद्धालुओं की आस्था से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *