तीन अभ्यर्थियों ने वापस लिया नाम, अब 82 प्रत्याशी मैदान में

भागलपुर जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 22 लाख से अधिक मतदाता, 2,686 मतदान केंद्र बनाए गए

भागलपुर, 23 अक्टूबर (हिंदुस्तान संवाद)।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि पर गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा भवन, भागलपुर में संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने जिले के सातों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की अद्यतन स्थिति की जानकारी साझा की।

जिलाधिकारी ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच के बाद कुल 85 प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें से तीन अभ्यर्थियों ने अपने नाम वापस ले लिए हैं। इनमें गोपालपुर, पीरपैंती (अजा) और सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्र से एक–एक प्रत्याशी शामिल हैं। अब भागलपुर जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों से कुल 82 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार उम्मीदवारों की संख्या इस प्रकार है—
बिहपुर से 10, गोपालपुर से 10, पीरपैंती (अजा) से 10, कहलगांव से 13, भागलपुर से 12, सुल्तानगंज से 12 और नाथनगर से 15 प्रत्याशी।

डॉ. चौधरी ने बताया कि जिले में कुल 22 लाख 30 हजार 208 मतदाता हैं। इनमें 11 लाख 49 हजार 215 पुरुष, 10 लाख 80 हजार 912 महिला एवं 81 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 21,970 दिव्यांग (PWD) मतदाता, 11,529 वरिष्ठ मतदाता (85 वर्ष से ऊपर) तथा 6,002 सेवा मतदाता हैं।

उन्होंने कहा कि जिले में कुल 2,686 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 2,678 भवनों में स्थित हैं तथा 8 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 12 चलंत मतदान केंद्र, 37 आदर्श मतदान केंद्र, 14 ‘सखी’ मतदान केंद्र और 7 पीडब्ल्यूडी द्वारा संचालित मतदान केंद्र शामिल हैं।

विधि-व्यवस्था एवं आदर्श आचार संहिता के अनुपालन को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारी की गई है। जिले में 90 स्टैटिक सर्विलांस टीम, 23 फ्लाइंग स्क्वाड टीम, 302 सेक्टर पदाधिकारी, 7 वीडियो व्यूइंग टीम, 7 वीडियो सर्विलांस टीम एवं 8 सहायक व्यय प्रेक्षक नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ ही 6 डिस्पैच सेंटर और 2 काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि एमसीसी (आदर्श आचार संहिता) के अंतर्गत की गई कार्रवाइयों से भी मीडिया को अवगत कराया गया।

संवाददाता सम्मेलन में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती श्वेता कुमारी उपस्थित रहीं।


डॉ. नवल किशोर चौधरी,
जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–जिलाधिकारी, भागलपुर
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार
Election Commission of India

#कोई_योग्य_मतदाता_छूटे_ना #MeraPehlaVoteDeshKeLiye #ChunavKaParv #biharvidhansabhaelection2025 #CeoBihar #ECISVEEP #DeshKaGarv #bhagalpur #biharelection2025

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *