डीएम सुब्रत सेन ने परिवार संग मनाया लोक आस्था का महापर्व छठ

रिपोर्ट — मुजफ्फरपुर | टाइम्स बिहार
लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मुजफ्फरपुर में मनाया गया। जिले के जिलाधिकारी सुब्रत सेन ने भी अपने परिवार के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार छठ पूजा में भाग लिया।
डीएम सुब्रत सेन ने सोमवार की संध्या में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और आज प्रातः उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर व्रत का समापन किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य की शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
उनके आवास पर छठ पर्व को लेकर पूरे वातावरण में भक्ति और आस्था की छटा बिखरी रही। डीएम परिवार सहित पूजा स्थल पर उपस्थित रहे और छठ गीतों एवं परंपराओं का पालन करते हुए व्रतियों के साथ सूर्य उपासना की।
उन्होंने इस अवसर पर कहा कि — “छठ महापर्व बिहार की अस्मिता, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व लोक जीवन में अनुशासन, संयम और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है।”
पूरे जिले में छठ पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
