हनुमान मंदिर में अखंड रामचरितमानस पाठ का 25वां दिन पूरा, 5 नवंबर को होगा भव्य समापन

भागलपुर | जिले के जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत बैजानी पंचायत स्थित हनुमान मंदिर परिसर में चल रहा श्री श्री 1008 अखंड रामचरितमानस पाठ शुक्रवार को अपने 25वें दिन पर पहुंच गया। कार्तिक मास की शुरुआत से आरंभ हुआ यह 30 दिवसीय अखंड पाठ अब अपने अंतिम चरण में है। आयोजन समिति ने बताया कि इसका भव्य समापन आगामी 5 नवंबर (बुधवार) को हवन, सत्यनारायण भगवान की पूजा तथा भंडारे के साथ किया जाएगा।

पिछले कई वर्षों से परंपरागत रूप से आयोजित हो रहा यह अखंड पाठ अब बैजानी पंचायत की धार्मिक पहचान बन चुका है। पूरे कार्तिक मास में चौबीसों घंटे चलने वाले इस पाठ में आसपास के गाँवों से सैकड़ों श्रद्धालु प्रतिदिन भाग लेते हैं। मंदिर परिसर में भक्तों के लिए भोजन, जल और विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई है।
आयोजन समिति द्वारा सफाई, लाइटिंग, ध्वनि और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शाम के समय आरती और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है। ग्रामीणों में इस आयोजन को लेकर गहरी आस्था और उत्साह देखा जा रहा है।
समापन दिवस पर ब्राह्मण कन्या भोजन और भंडारा का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
इस अवसर पर पंडित गौरी शंकर ठाकुर, आचार्य शैलेंद्र कुमार झा, टीनू झा, चंदू ठाकुर, हनी झा, गोपाल तिवारी, धीरज झा, संतोष झा, टुनटुन झा, मोंटी, सामंत, पीयूष, अंशु, सोनल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
#Bhagalpur #Baijani #AkhandaPath #Ramcharitmanas #ReligiousUnity
