निर्वाचन की तैयारी को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने की बैठक

भागलपुर
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को समीक्षा भवन, भागलपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने संयुक्त रूप से की। वहीं, नवगछिया पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा कुमार भी बैठक में उपस्थित रहीं।
बैठक में निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं संबंधित कोषांगों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी थानावार समीक्षा कर पुनः चिन्हित असामाजिक तत्वों को बाउंड डाउन कराएं तथा कुख्यात अपराधियों को क्षेत्र बदर करने का प्रस्ताव शीघ्र भेजें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में चुनाव प्रक्रिया में कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न नहीं होनी चाहिए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में कुल 2687 शस्त्रों में से 930 शस्त्र जमा कराए जा चुके हैं। इस पर वरीय पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि दो दिनों में 50% और चार दिनों में 70% शस्त्र जमा हो जाने चाहिए तथा मतदान से पूर्व सभी शस्त्र जब्त कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि केवल व्यापारी या सुरक्षा गार्ड, जिन्हें वास्तविक आवश्यकता है, उन्हें ही अनुमति के अनुसार शस्त्र रखने की छूट दी जाएगी।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि BNS की धारा 126 एवं 127 के अंतर्गत अब तक 12,401 व्यक्तियों को बाउंड डाउन किया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि CCA-3 एवं CCA-12 के तहत क्षेत्र बदर अपराधियों की हाजिरी का सत्यापन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी स्वयं सुनिश्चित करें।
नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने बताया कि गुंडा पंजी में दर्ज अपराधियों का सत्यापन प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से किया जा रहा है।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि एसएसटी पॉइंट पर नियुक्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं फ्लाइंग स्क्वॉड टीमों द्वारा गहन जांच की जाए तथा अवैध वस्तुओं की जब्ती प्रतिदिन सुनिश्चित की जाए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे प्रत्याशियों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों के काफिलों, वाहनों और सभा स्थलों की नियमित जांच की जाए ताकि जिले में निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जितिन कुमार सहित निर्वाचन से संबंधित विभिन्न कोषांगों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
@CEOBihar @ECISVEEP @nawal_ias
#BhagalpurElection2025 #SVEEP #FreeAndFairElections #DistrictAdministrationBhagalpur
