बिहार चुनाव से पहले भागलपुर जेल में तड़के औचक छापेमारी, सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा

भागलपुर,  बिहार विधान सभा चुनाव-2025 के मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को तड़के लगभग 5 बजे विशेष केन्द्रीय कारा, भागलपुर में औचक निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), श्री विकास कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता, सुश्री अपेक्षा मोदी, तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर-01) श्री अजय कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान स्थानीय थानाध्यक्ष समेत पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद थे।

छापामारी दल ने जेल परिसर के विभिन्न हिस्सों, जिनमें कैदी बैरक, मेस, सुरक्षा चौकियां और प्रशासनिक कक्ष शामिल थे, में सघन तलाशी और निरीक्षण किया। इस औचक कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए जेल में प्रतिबंधित एवं आपत्तिजनक सामग्रियों की खोज और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम था।

निरीक्षण के दौरान जेल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था, अनुशासन और प्रशासनिक कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि आगामी चुनाव के दौरान जेल परिसर में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता की कोई गुंजाइश न रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी नियमों और व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन किया जाए और सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।

इस अभियान का नेतृत्व जिला पदाधिकारी, भागलपुर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देश पर किया गया। प्रशासन की इस सक्रियता से चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता और तत्परता का परिचय मिलता है।

#कोई_योग्य_मतदाता_छूटे_ना
#MeraPehlaVoteDeshKeLiye
#ChunavKaParv
#BiharVidhanSabhaElection2025
#CEOBihar
#DeshKaGarv
#Bhagalpur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *