जगदीशपुर में आधार अपडेट के नाम पर मनमानी वसूली, गरीबों में आक्रोश

जगदीशपुर (संवाददाता): प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित आधार सेवा केंद्र में आम नागरिकों से तय शुल्क से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार, नया मोबाइल नंबर जोड़ने के लिए ₹100 और फिंगरप्रिंट अपडेट कराने के लिए ₹150 तक वसूला जा रहा है, जबकि आधिकारिक शुल्क मात्र ₹75 तथा ₹25 मेंटेनेंस चार्ज तय है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गरीब और ग्रामीण तबके के लोग जरूरी अपडेट के लिए कई बार प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन तय दर से अधिक वसूली उनकी मजबूरी का फायदा उठाने जैसा है। शिकायत के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आधार केंद्र की जांच कर अनियमितता और मनमानी वसूली पर तुरंत रोक लगाई जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
