पीरपैंती में गरजे अमित शाह, बोले— “महागठबंधन नहीं, महा ठगबंधन”

भागलपुर, 7 नवम्बर 2025
पीरपैंती विधानसभा में गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा प्रत्याशी मुरारी पासवान के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने महागठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “महागठबंधन अब महा ठगबंधन बन गया है, जो फिर से बिहार में जंगलराज लाने की साजिश रच रहा है।”
अमित शाह ने कहा कि महागठबंधन के पास न नेता है, न नीति, जबकि एनडीए पांच पांडवों की तरह मजबूती से मैदान में उतरी है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी तो “अपहरण और खून-खराबे के लिए अलग मंत्रालय” बना दिया जाएगा।
सभा में शाह ने कहा कि “जनता का एक-एक वोट इस बार जंगलराज की वापसी को रोकेगा।” उन्होंने भागलपुर की पावन धरती को नमन करते हुए अजगैबीनाथ, बुढ़ानाथ, मनसकामना नाथ और भूतनाथ मंदिरों को प्रणाम किया।
गृह मंत्री ने दावा किया कि “बिहार के आधे हिस्से में मतदान हो चुका है और लालू प्रसाद यादव की पार्टी का सफाया हो गया है।” उन्होंने जनता से एनडीए प्रत्याशियों को समर्थन देकर स्थिरता और विकास की सरकार बनाने की अपील की।
