हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला की तैयारियों का डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण

सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सारण।
विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के सफल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी सारण श्री अमन समीर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संपूर्ण मेला परिसर की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने मेला क्षेत्र में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों से बातचीत कर स्थल की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सारण पुलिस द्वारा विधि-व्यवस्था के संधारण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। मेला क्षेत्र में सतत पेट्रोलिंग, निगरानी और नियंत्रण हेतु अस्थायी थाना, पुलिस पिकेट, कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वन-वे ट्रैफिक, पार्किंग स्थल, वैकल्पिक मार्ग एवं पैदल यात्रियों के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला सहायता केंद्र, सूचना केंद्र और लोक उद्घोषणा प्रणाली को सक्रिय रखा गया है।
#SaranPolice #BiharPolice #BiharHomeDept #HainTaiyaarHum #SSPSaran #SonpurMela
