जहानाबाद में जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक का लगातार निरीक्षण, शांतिपूर्ण मतदान को लेकर सख्त निगरानी

संवाददाता, जहानाबाद
विधानसभा चुनाव-2025 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह से सक्रिय नजर आ रहे हैं। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद के नेतृत्व में मंगलवार को पूरे दिन विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
दोनों अधिकारियों ने लगातार भ्रमणशील रहकर मतदान प्रक्रिया की तैयारियों की समीक्षा की और कर्तव्य पर तैनात सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बूथों पर मतदान की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, मतदाताओं की सुविधा, बिजली-पानी एवं संचार व्यवस्था की बारीकी से जांच की।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में प्रत्येक मतदाता को भयमुक्त वातावरण में मतदान करने का अवसर मिले, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं। अर्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
गया रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (Range IG) और बिहार पुलिस मुख्यालय, गृह विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार प्रशासनिक और पुलिस टीम चौकसी बनाए हुए है, ताकि किसी भी स्थिति में शांति और व्यवस्था बनी रहे।
मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि दिव्यांग एवं वृद्ध मतदाताओं के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध रहे और मतदान प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संपन्न हो।
प्रशासन की तत्परता और निगरानी के बीच जहानाबाद में शांतिपूर्ण मतदान की पूरी उम्मीद जताई जा रही है।
