सुपौल में मतगणना को लेकर प्रशासन सतर्क, बीएसएस कॉलेज में की गई चाक-चौबंद व्यवस्था

रिपोर्ट — टाइम्सबिहार न्यूज़, सुपौल
सुपौल जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों की ईवीएम की मतगणना शुक्रवार, 14 नवम्बर की सुबह से बीएसएस कॉलेज सुपौल में प्रारंभ की जाएगी। मतगणना कार्य को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है।
अनुमंडल पदाधिकारी सुपौल सदर इंद्रवीर कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार अनुभवी ने गुरुवार को मतगणना स्थल और उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने स्थल पर मौजूद पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मतगणना कार्य के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा को देखते हुए जिले में अतिरिक्त पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि बीएसएस कॉलेज के आसपास मतगणना के दौरान भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए यातायात डायवर्जन की व्यवस्था की गई है।
डायवर्जन व्यवस्था:
डिग्री कॉलेज से बीएसएस कॉलेज होते हुए लोहिया चौक तक जाने वाले मार्ग को आम जनता के लिए मतगणना कार्य समाप्त होने तक बंद रखा गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे अन्य वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें ताकि सामान्य आवागमन बाधित न हो।
पार्किंग व्यवस्था:
मतगणना कर्मियों, पदाधिकारियों एवं अभिकर्ताओं के वाहनों की पार्किंग आईटीआई मैदान में की गई है। संबंधित व्यक्ति वहां वाहन पार्क करने के बाद अपने नियुक्ति पत्र दिखाकर बीएसएस कॉलेज के प्रवेश द्वार से मतगणना स्थल में प्रवेश कर सकेंगे।
सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था:
मतगणना स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 लागू की गई है। मतगणना केंद्र के नजदीक किसी भी प्रकार की भीड़ या अनावश्यक जमावड़े की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में शहर के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च भी निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान थानाध्यक्ष, इंस्पेक्टर एवं अतिरिक्त पुलिस बल मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील की है ताकि मतगणना कार्य निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।
#BiharPolice #HomeDepartment #CyberDost
