भागलपुर में मतगणना को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार, जिलाधिकारी व एसएसपी ने किया स्ट्रांग रूम का निरीक्षण

रिपोर्ट — टाइम्सबिहार न्यूज़, भागलपुर 

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत भागलपुर जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मतगणना संपन्न कराने की दिशा में प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री हृदय कांत ने संयुक्त रूप से मतगणना केंद्र संख्या–1 राजकीय पॉलिटेक्निक, बरारी तथा मतगणना केंद्र संख्या–2 महिला आईटीआई, बरारी स्थित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मतगणना की सभी तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने वहां उपस्थित अभ्यर्थियों एवं उनके एजेंटों से भी संवाद स्थापित किया तथा उनके सुझाव एवं फीडबैक लिए। इसके साथ ही, जिलाधिकारी ने स्वयं स्ट्रांग रूम के अंदर स्थापित सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का भी अवलोकन कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

महिला आईटीआई बरारी में जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने 152–बिहपुर, 153–गोपालपुर एवं 157–सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्रों के प्रेक्षकों और निर्वाची पदाधिकारियों से मुलाकात कर 14 नवम्बर को होने वाली मतगणना की तैयारियों की विधानसभा-वार समीक्षा की।

इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक श्री शुभांक मिश्रा, उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त श्री शुभम कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती श्वेता कुमारी सहित कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

जिलाधिकारी ने बताया कि मतगणना को लेकर प्रशासन पूर्ण रूप से तैयार है।

  • मतगणना केंद्र संख्या–1 (राजकीय पॉलिटेक्निक, बरारी) में
    154–पीरपैंती (अजा), 155–कहलगांव, 156–भागलपुर एवं 158–नाथनगर विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना होगी।
  • वहीं मतगणना केंद्र संख्या–2 (महिला आईटीआई, बरारी) में
    152–बिहपुर, 153–गोपालपुर एवं 157–सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना की जाएगी।

स्ट्रांग रूम के चारों ओर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, मतगणना स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए भी विशेष रूप से दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है।

जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतगणना प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

#कोई_योग्य_मतदाता_छूटे_ना
#MeraPehlaVoteDeshKeLiye
#ChunavKaParv
#BiharVidhansabhaElection2025
#ChiefElectoralOfficerBihar
#ECISVEEP
#CEOBihar
#DeshKaGarv
#Bhagalpur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *