दो अलग-अलग अभियानों में भागलपुर स्टेशन पर आरपीएफ ने बरामद की अवैध शराब

भागलपुर/मालदा

त्योहारों के मद्देनज़र सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में तथा मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री असीम कुमार कुल्लू के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में आरपीएफ भागलपुर पोस्ट ने गुरुवार को दो अलग-अलग अभियानों में बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की।

पहला अभियान : कवी गुरु एक्सप्रेस के आगमन के बाद बरामद हुई 20 बोतल विदेशी शराब व 36 लीटर देसी शराब
गुरुवार की शाम प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 के दिल्ली छोर पर कवी गुरु एक्सप्रेस (13015) के आगमन के बाद आरपीएफ टीम ने एक बैकपैक और दो प्लास्टिक बैग को संदिग्ध हालत में पड़ा देखा। आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ के बाद भी कोई दावेदार सामने नहीं आया। जांच करने पर बैगों से 20 बोतल विदेशी शराब तथा 36 लीटर देसी शराब बरामद हुई। टीम ने सभी वस्तुओं को जब्त कर आरपीएफ पोस्ट भागलपुर में सुरक्षित रख लिया।

दूसरा अभियान : साहिबगंज–दानापुर एक्सप्रेस से उतरे यात्रियों की चेकिंग के दौरान मिली 20 बोतल शराब
इसी दिन प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर विशेष जांच अभियान के दौरान, साहिबगंज–दानापुर एक्सप्रेस (13235) के आगमन के बाद फुट ओवरब्रिज के पास दो प्लास्टिक बैग बिना मालिक के पाए गए। जांच में बैगों से 20 बोतल शराब बरामद हुई, जिन्हें आरपीएफ ने सीज कर पोस्ट भागलपुर ले जाया गया।

कुल बरामदगी : 76 बोतलें और अनुमानित मूल्य ₹29,500
दोनों अभियानों में कुल 76 बोतल विदेशी व देसी शराब बरामद की गई, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹29,500 आंकी गई है। सभी जप्त सामग्री को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएँ पूरी करने के बाद अअबकारी विभाग को सौंप दिया गया।

आरपीएफ द्वारा त्योहारों के दौरान स्टेशन परिसर में सुरक्षा, सतर्कता और अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु निगरानी और सघन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *