“जनहित सर्वोपरि” — जीत के बाद समर्थकों से मिले आशीर्वाद को बताया अपनी सबसे बड़ी पूंजी

रिपोर्ट — श्यामानंद सिंह, भागलपुर/पीरपैंती
विधानसभा चुनाव में उल्लेखनीय जीत दर्ज करने के बाद नवनिर्वाचित विधायक मुरारी पासवान ने आज प्रातः अपने आवास पर पहुँचे समर्थकों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता का अभिवादन स्वीकार किया। सुबह से ही उनके आवास पर लोगों का तांता लगा रहा। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाओं और युवाओं ने पहुँचकर उन्हें जीत की बधाई दी और उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।
समर्थकों के इस उत्साह और सम्मान से अभिभूत होकर विधायक ने कहा कि—
“जनहित मेरे लिए सर्वोपरि है। जीत के पश्चात आज प्रातः मेरे आवास पर आए सभी समर्थकों, कार्यकर्ताओं और देव-तुल्य जनता जनार्दन द्वारा दिया गया स्नेह और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है।”
उन्होंने आगे कहा कि पीरपैंती को विकसित, सशक्त और प्रगतिशील दिशा देने का संकल्प पहले से और अधिक दृढ़ हुआ है।
“आप सबों के सहयोग और विश्वास से मेरा पूरा प्रयास रहेगा कि पीरपैंती विधानसभा को नई ऊँचाइयों पर ले जाऊँ। यह जीत सिर्फ मेरी नहीं, बल्कि हर उस कार्यकर्ता और समर्थक की है जिसने समर्पित भाव से मेहनत की,” उन्होंने कहा।
विधायक ने सभी कार्यकर्ताओं के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए कहा कि यह विजय सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। कार्यकर्ताओं की निष्ठा, जनता का विश्वास और युवाओं का जोश—इन सबने मिलकर इस गौरवशाली जीत को संभव बनाया।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले वर्षों में क्षेत्र के विकास, रोजगार, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय समस्याओं के समाधान पर प्राथमिकता आधारित कार्य किए जाएंगे।
आवास परिसर में पूरे दिन रौनक बनी रही। लोगों ने मिठाइयाँ बाँटीं और उत्साहपूर्ण माहौल में विजय का जश्न मनाया।
