किशनगंज में निःशुल्क पशु स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन, बड़ी संख्या में पशुपालकों ने लिया लाभ

किशनगंज, — ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण एवं पशुपालकों को जागरूक करने के उद्देश्य से आज जीविका एवं पशुपालन निदेशालय के संयुक्त प्रयास से दिघलबैंक प्रखंड के मंगुरा पंचायत स्थित टप्पू स्कूल चौक पर निःशुल्क पशु स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में स्थानीय पशुपालकों द्वारा बड़ी संख्या में अपने पशु लाए गए, जिनका विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की टीम ने निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। पशुओं में होने वाले सामान्य रोगों, पोषण संबंधी समस्याओं तथा बाँझपन (Infertility) से जुड़े मामलों का विशेष रूप से उपचार किया गया। आवश्यक दवाइयाँ भी बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराई गईं।
चिकित्सकों ने पशुपालकों को स्वच्छता, टीकाकरण, पोषण प्रबंधन, समय-समय पर कृमिनाशन और रोग-निरोधक उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे शिविर ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पशुधन की उत्पादकता बढ़ाने में बेहद उपयोगी हैं।
शिविर के आयोजन में पशुपालन निदेशालय, जीविका, तथा ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार के कर्मियों ने सक्रिय सहयोग किया।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर से उन्हें पशुपालन से संबंधित समस्याओं को समझने और समाधान पाने में बड़ी सहायता मिलती है।
#पशुस्वास्थ्य | #जागरूकता_शिविर | #निःशुल्क_उपचार
Animals & Fisheries Dept | Rural Development Department, Government of Bihar
