विश्व शौचालय दिवस पर मध्य विद्यालय तरडीहा में स्वच्छता शिक्षा कार्यक्रम का आयोजन

तरडीहा। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर डेटॉल बनेगा स्वस्थ इंडिया – प्लान इंडिया स्वच्छता शिक्षा कार्यक्रम के तहत मध्य विद्यालय तरडीहा के प्रांगण में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता के महत्व, सुरक्षित शौचालय उपयोग और खुले में शौच के दुष्परिणामों के प्रति समुदाय को जागरूक करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बृजभूषण मंडल, ग्राम प्रमुख मोहम्मद मरगूब, निपुण भारत मिशन से जुड़े राहुल, विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुकेश भारती, मंजूषा पेंटिंग के ब्रांड एंबेसडर मनोज पंडित, तथा संस्था के जिला प्रमुख शंभू कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में विद्यालय के बच्चों ने स्वागत-गान, मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियाँ और स्वच्छता विषय पर आधारित संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इसके अलावा बच्चों के बीच चित्रकला, निबंध लेखन और स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्रों ने स्वच्छता और शौचालय उपयोग के महत्व को रचनात्मक रूप में अभिव्यक्त किया। चयनित उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मंच पर उपस्थित अतिथियों द्वारा प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार प्रदान किए गए। बच्चों के बीच डेटॉल साबुन का वितरण भी किया गया, वहीं विद्यालय को प्रशस्ति पत्र एवं स्वच्छता किट देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बृजभूषण मंडल ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व शौचालय दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों को खुले में शौच से रोकना और शौचालय उपयोग को मानव अधिकार के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने बताया कि स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शौचालय का उपयोग अत्यंत आवश्यक है। खुले में शौच के कारण बढ़ते संक्रमण, जल प्रदूषण तथा महिलाओं के खिलाफ बढ़ते यौन शोषण जैसे खतरों से समाज को अवगत कराना इस दिवस का प्रमुख लक्ष्य है।

ग्राम प्रमुख मोहम्मद मरगूब ने कहा कि शौचालय का नियमित उपयोग न केवल परिवार की सेहत की रक्षा करता है बल्कि आसपास के माहौल को भी स्वच्छ बनाए रखता है। उन्होंने कहा कि खुले में शौच से वातावरण प्रदूषित होता है, जिससे गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। स्वच्छता को जीवन शैली का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि 19 नवंबर को हर वर्ष विश्व शौचालय दिवस इसी जागरूकता के लिए मनाया जाता है।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं, समुदाय की महिलाओं और पुरुषों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय समन्वयक चंद्रकांत भारती और राजीव रंजन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को स्वच्छता के प्रति जन-जागृति बढ़ाने के एक सफल प्रयास के रूप में सराहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *