बौंसी में चोरी की चार चाइनीज़ ई-रिक्शा बरामद, एक गिरफ्तार; मुख्य आरोपी प्रिंस कुमार फरार

बौंसी (बांका) ऋषभ कुमार गुप्ता
बौंसी थाना पुलिस ने चोरी की ई-रिक्शा गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार चाइनीज़ ई-रिक्शा बरामद किए हैं। इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी प्रिंस कुमार फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
मंगलवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि भलजोर चेकपोस्ट से बिना नंबर प्लेट वाला एक संदिग्ध ई-रिक्शा बौंसी की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बजरंगबली चौक पर वाहन चेकिंग अभियान चला दिया। इसी दौरान एक ई-रिक्शा को रोकने का प्रयास किया गया, तो चालक गाड़ी छोड़कर भागने लगा। सशस्त्र बलों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार युवक ने अपना नाम पवन कुमार मंडल, निवासी नयागांव बताया। जब पुलिस ने रिक्शा की जांच की, तो उस पर न इंजन नंबर मिला, न चेसिस नंबर और न ही कोई वैध रजिस्ट्रेशन। पूछताछ के दौरान पवन ने स्वीकार किया कि उसने यह ई-रिक्शा सिंहेश्वरी गांव निवासी प्रिंस कुमार से 75 हजार रुपये में खरीदा था। उसने यह भी खुलासा किया कि प्रिंस कुमार के घर पर दो नीले और एक लाल रंग के अन्य चोरी के ई-रिक्शा भी रखे हुए हैं।
इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल सिंहेश्वरी गांव में छापेमारी की। हालांकि प्रिंस कुमार मौके से फरार हो गया, लेकिन उसके घर से तीनों संदिग्ध ई-रिक्शा बरामद कर लिए गए। इनमें भी किसी तरह का नंबर, दस्तावेज या रजिस्ट्रेशन नहीं मिला। पुलिस द्वारा जप्ती सूची लेने से परिजन ने इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने सूची घर पर चस्पा कर दी।
गिरफ्तार पवन मंडल को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब मुख्य आरोपी प्रिंस कुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर चुकी है।
एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने कहा कि चोरी की इस घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। बरामदगी में एसडीपीओ के साथ थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद थे।
