विश्व बाल दिवस पर मॉडल सदर अस्पताल में नवजात कन्याओं को बेबी किट वितरित

महिला एवं बाल विकास निगम ने मनाया बाल अधिकार और सुरक्षा का संदेश
भागलपुर | विश्व बाल दिवस 2025 के अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम, भागलपुर द्वारा सोमवार को मॉडल सदर अस्पताल में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत 0–3 माह की नवजात कन्याओं को बेबी किट वितरित किए गए। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बच्चियों के स्वास्थ्य, संरक्षण और उज्जवल भविष्य को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS) सह नोडल पदाधिकारी मिशन शक्ति अनुपमा कुमारी ने की। उन्होंने माताओं को बच्चों के अधिकार, सुरक्षा, पोषण तथा शुरुआती तीन माह की देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर जागरूक किया। सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद ने कहा कि विश्व बाल दिवस बच्चों के संरक्षण, शिक्षा और समग्र विकास के प्रति समाज को संवेदनशील एवं जागरूक बनाने का अवसर है। उन्होंने माताओं से अपील की कि बच्चों को संतुलित आहार, सुरक्षित वातावरण और समय पर टीकाकरण अवश्य उपलब्ध कराएं।
जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों ने भी अपनी-अपनी परियोजनाओं में विश्व बाल दिवस पर माताओं को फलों की टोकरी भेंट कर पोषण के महत्व को रेखांकित किया। मॉडल सदर अस्पताल में भी माताओं को फल की टोकरी दी गई और नवजात कन्याओं के नाम पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक, जिला मिशन समन्वयक (DHEW), केंद्र प्रशासक (OSC), अस्पताल प्रबंधक तबरेज खान, मणिशंकर, मोना कुमारी सहित विभाग के कई अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने इस पहल को समाज में बेटियों के सम्मान और बाल अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
