पूर्वी रेलवे केबिन बंद, आवागमन बाधित

नवगछिया में रेलवे के निर्णय से ग्रामीणों में आक्रोश, वैकल्पिक मार्ग की मांग तेज
राजकिशोर साह/भागलपुर ब्यूरो
नवगछिया। नवगछिया रेलवे स्टेशन के पूर्वी केबिन संख्या–11 को बंद किए जाने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। रेलवे द्वारा बिना पूर्व सूचना के केबिन बंद करने के कारण यहां से गुजरने वाला मुख्य मार्ग बाधित हो गया है, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।
गौरतलब है कि पिछले महीने यहां रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण पूरा हुआ था, जो नवगछिया मुख्य बाजार, भवानीपुर, हरनाथचक, रेलवे मालगोदाम, मदन अहिल्या महिला कॉलेज और बाजार समिति की ओर जाने वाला सबसे सुविधाजनक मार्ग बन गया था। केबिन बंद होने के बाद अब लोगों को लंबा चक्कर लगाकर रास्ता तय करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पैदल यात्रियों, छात्रों, कॉलेज जाने वाली छात्राओं, कर्मचारियों और कारोबारियों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। कई लोग समय की कमी और दूरी बढ़ने से अपने दैनिक कार्यों में बाधा का सामना कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि रेलवे ने अचानक निर्णय लिया और न तो कोई वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की और न ही लोगों को पहले से सूचित किया। इससे लोगों में नाराज़गी और असंतोष का माहौल है।
भवानीपुर व हरनाथचक के ग्रामीणों ने रेलवे अधिकारियों से केबिन को जल्द फिर से खोलने या नया वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान जल्द नहीं किया गया, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
स्थानीय प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे से रिपोर्ट मांगी है।
