अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 21 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद

भागलपुर। बाईपास थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 21 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 नवंबर 2025 को संध्या गश्ती के दौरान अवैध शराब निर्माण एवं परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में करीब शाम 5:50 बजे थानाध्यक्ष प्रभात कुमार को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम पिस्ता में बड़ी मात्रा में देशी शराब बेची जा रही है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम में पु०अ०नि० लक्ष्मी कुमारी, पुं०अ०नि० सुमन भारती समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। जैसे ही पुलिस दल सोनू मंडल के घर पहुंचा, एक व्यक्ति पुलिस को देख भागने लगा। उसे दौड़ाकर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान सोनू मंडल (उम्र 35 वर्ष), पिता कैलाश मंडल, ग्राम पिस्ता के रूप में बताई, लेकिन भागने का कोई संतोषजनक कारण नहीं बता सका।
पुलिस ने विधिवत् प्रक्रिया का पालन करते हुए मौके पर विडियोग्राफी कर घर की तलाशी ली। तलाशी में पुलिस को—
एक 15 लीटर वाला प्लास्टिक गैलन,
दो हरे रंग के दो-दो लीटर वाले प्लास्टिक बोतल,
एक सफेद रंग का दो लीटर वाला बोतल
मिला, जिसमें सभी में देशी चुलाई शराब भरा हुआ था। कुल मिलाकर 21 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। शराब को पुलिस ने विधिवत जब्त करते हुए जप्ती सूची आरोपी को प्रदान की।
इसके बाद आरोपी सोनू मंडल को गिरफ्तारी का कारण बताते हुए हिरासत में लिया गया और उसके परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी गई। पुलिस ने बताया कि प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के कारण शराब बनाना, बेचना, खरीदना, परिवहन एवं भंडारण पूरी तरह दंडनीय अपराध है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
