जगदीशपुर में आधार केंद्र बंद, लोगों में नाराज़गी; बिना सूचना बंद होने पर कार्रवाई के संकेत

जगदीशपुर। प्रखंड परिसर स्थित आधार केंद्र के बिना सूचना अचानक बंद होने से स्थानीय लोगों में नाराज़गी देखी गई। सोमवार को लगभग 50 से अधिक लोग आधार अपडेट और फिंगरप्रिंट सत्यापन के लिए पहुंचे, लेकिन केंद्र बंद पाकर उन्हें निराश लौटना पड़ा।
लोगों का आरोप है कि आधार ऑपरेटर मनमाने तरीके से केंद्र का संचालन कर रहा है, और कई बार बिना सूचना केंद्र बंद कर देता है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इस संबंध में जब प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है और न ही आधार केंद्र संचालक ने कोई आवेदन या बंद करने की सूचना दी है। उन्होंने कहा—
“अगर आधार केंद्र बिना अनुमति और बिना सूचना बंद किया गया है तो यह नियम के खिलाफ है। इसकी जांच की जाएगी और दोषी पर कार्रवाई होगी।”
स्थानीय लोगों ने कहा कि आधार केंद्र के समय पर नहीं खुलने से छात्रों, पेंशनधारियों, बैंक सत्यापन कराने वाले लाभुकों और सामान्य नागरिकों को कठिनाई झेलनी पड़ रही है। कई लोगों ने बताया कि वे कई दिनों से बार-बार चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन केंद्र नियमित रूप से नहीं चलता।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आधार केंद्र के संचालन का समय निर्धारित किया जाए और निगरानी की व्यवस्था की जाए ताकि अनियमितता पर रोक लग सके।
