अयोध्या में आज पीएम करेंगे राम ध्वजारोहण, बिहपुर में जलेगा ‘राम नाम दीया’
विधायक शैलेंद्र की अपील—हर घर और मंदिर में जलें दीप

नवगछिया/बिहपुर। अयोध्या में मंगलवार को श्रीराम मंदिर के शिखर पर अभिजीत मुहूर्त में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राम ध्वजारोहण किए जाने को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में सोमवार को बिहपुर विधानसभा एनडीए कार्यालय में विधायक इंजीनियर शैलेंद्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम को लेकर रणनीति और तैयारी पर चर्चा हुई।
विधायक शैलेंद्र ने प्रदेशवासियों से अपील की कि यह दिन ऐतिहासिक और आस्था से जुड़ा हुआ है, इसलिए मंगलवार को सभी सनातनी अपने निकटतम मंदिरों में पहुंचकर राम नाम का दीया जलाएं और अपने घरों में भी दीप प्रज्ज्वलित करें। उन्होंने कहा कि बिहपुर एनडीए कार्यालय में भी श्रद्धाभाव के साथ ‘राम नाम दीया’ प्रज्ज्वलित किया जाएगा।
विधायक ने बिहपुर, नारायणपुर, खरीक मंडलों, भाजपा कार्यकर्ताओं, मोर्चा पदाधिकारियों और बूथ अध्यक्षों से भी अपने-अपने मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम सुनिश्चित करने की अपील की है। बैठक में रंजन चौधरी, इंजीनियर कुमार गौरव, अजय उर्फ माटो, सदानंद, सिंटू, लालमोहन सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विधायक ने शुरू की 37 दिवसीय आभार पदयात्रा
इधर भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने बताया कि विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने के बाद विधायक इंजीनियर शैलेंद्र ने 37 दिवसीय आभार पदयात्रा की शुरुआत कर दी है। यह यात्रा सोमवार को नारायणपुर प्रखंड के पहाड़पुर-आशाटोल से आरंभ हुई।
37 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा विधानसभा क्षेत्र के सभी तीन प्रखंडों और 37 पंचायतों में जाएगी, जहां विधायक जनता का आभार व्यक्त करेंगे।
