आरपीएफ की सख्ती, विदेशी शराब बरामद — एक गिरफ्तार


 भागलपुर

पूर्व रेलवे मालदा मंडल के अंतर्गत चलाए जा रहे “ऑपरेशन सतर्क” अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने सोमवार को भागलपुर स्टेशन से एक व्यक्ति को विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई सोमवार की शाम नियमित गश्ती के दौरान की गई।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 नवंबर 2025 को आरपीएफ टीम ने प्लेटफॉर्म पर एक संदिग्ध व्यक्ति को पिठ्ठू बैग के साथ घूमते देखा। शक के आधार पर जब बैग की जांच की गई तो उसमें विदेशी शराब की 12 बोतलें मिलीं, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹9,840/- बताई जा रही है।

पूछताछ के दौरान आरोपी व्यक्ति शराब ले जाने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज अथवा संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद आरपीएफ ने आरोपी को बरामद शराब के साथ उत्पाद विभाग, भागलपुर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सौंप दिया।

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे परिसरों में अवैध शराब ले जाने, तस्करी, टिकट चोरी और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए “ऑपरेशन सतर्क” के तहत निगरानी और भी मजबूत की गई है।

आरपीएफ ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन या आरपीएफ को दें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *