अवैध शराब विरोधी अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

भागलपुर, 26 नवंबर
अवैध शराब के खिलाफ जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान में उल्लेखनीय सफलता हासिल करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को बुधवार को वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर द्वारा सम्मानित किया गया। पुलिस केंद्र में आयोजित इस संक्षिप्त समारोह में एसएसपी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
एसएसपी ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा लागू शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने में पुलिस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। जिले की टीमों ने लगातार सतर्कता और निष्पक्ष कार्रवाई के माध्यम से अवैध शराब की बिक्री व निर्माण पर कड़ी लगाम लगाई है। इसी सराहनीय योगदान को देखते हुए अधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया गया है।
उन्होंने बताया कि जिन थानों और टीमों ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ विशेष तत्परता दिखाई है, उन्हें भविष्य में भी प्रोत्साहित किया जाएगा। एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि वे इसी प्रकार बिना किसी दबाव के कानून का सख्ती से पालन कराते रहें।
समारोह के दौरान यह भी कहा गया कि मद्यनिषेध कानून का उद्देश्य केवल शराबबंदी लागू करना ही नहीं, बल्कि समाज को नशामुक्त बनाना है। पुलिस द्वारा की जा रही प्रभावी कार्रवाई ने जिले में अवैध शराब व्यवसायियों के हौसले पस्त किए हैं।
अंत में एसएसपी ने सम्मानित पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले की पुलिस “हैं तैयार हम” की भावना के साथ जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में निरंतर सक्रिय रहेगी।
