NH-80 पर 12 चक्का ट्रक पलटा, सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल

सुल्तानगंज (भागलपुर)।

भागलपुर जिले के सुल्तानगंज–भागलपुर मुख्य मार्ग पर ब्लॉक के समीप NH-80 की सड़क गुणवत्ता एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। मंगलवार को अचानक खड़ी एक 12 चक्का ट्रक असंतुलित होकर पलट गई, जिससे सड़क निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति उजागर होती दिखाई दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क का यह हिस्सा निर्माण के कुछ ही महीनों बाद चौतरफा क्षतिग्रस्त होने लगा है।

स्थानीय नागरिकों व जनप्रतिनिधियों द्वारा इसकी शिकायत पहले भी उठाई जाती रही है, लेकिन अब तक किसी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी। लोगों का आरोप है कि MGCPL कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा NH-80 निर्माण में गुणवत्ता मानकों की घोर अनदेखी की गई है। नाला निर्माण में जहाँ 10 इंची ढलाई की आवश्यकता थी, वहीं केवल 5 इंची ढलाई कर दी गई। इसी कारण सड़क और नाला दोनों कमजोर हो गए, जिसका पहला प्रत्यक्ष संकेत आज ट्रक पलटने की घटना के रूप में सामने आया।

स्थानीय जनता का कहना है कि वे पिछले कई महीनों से NH-80 के घटिया निर्माण के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, लेकिन सुल्तानगंज क्षेत्र के किसी भी जनप्रतिनिधि, सांसद, विधायक या उनके प्रतिनिधियों ने इस गंभीर मामले पर कोई संज्ञान नहीं लिया। लोगों ने सड़क निर्माण में व्याप्त गड़बड़ियों की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सौभाग्य से किसी तरह की जान–माल की बड़ी क्षति की सूचना नहीं है। लेकिन ट्रक के पलटने से NH-80 पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा।

स्थानीय लोग अब उम्मीद कर रहे हैं कि NHAI, सड़क निर्माण एजेंसी तथा जिला प्रशासन इस मामले पर ठोस कार्रवाई करेगा, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

Nitin Nabin, Nitin Gadkari, NHAI, Bihar Police, Bhagalpur District Administration, JDU, BJP, Narendra Modi, Samrat Choudhary

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *