10 लाख महिलाओं को मिला आर्थिक सशक्तिकरण का संबल, मुख्यमंत्री ने हस्तांतरित की 10-10 हजार की सहायता राशि

पटना,
बिहार सरकार द्वारा महिलाओं को स्वावलंबन से जोड़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में नई ऊर्जा लाने के उद्देश्य से आज 1, अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ सभागार में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के अंतर्गत राज्य की 10 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की।
इस ऐतिहासिक पहल का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है ताकि वे अपनी पसंद के रोजगार की शुरुआत स्वतंत्र रूप से कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ने हेतु प्रतिबद्ध है और यह सहायता राशि उनके लिए आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत कदम सिद्ध होगी।
योजना के तहत लाभुकों द्वारा शुरू की गई इकाइयों का छह माह के भीतर मूल्यांकन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर इनमें से योग्य महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उनके उद्यम आगे बढ़ सकें और वे स्थायी आय अर्जित कर सकें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने सभी लाभार्थी महिलाओं को बधाई दी और सफल स्वरोजगार की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार—इन तीनों क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से ही वास्तविक सामाजिक परिवर्तन संभव है।
कार्यक्रम में उप-मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री श्री श्रवण कुमार सहित राज्य सरकार के कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने इस योजना को बिहार के सामाजिक-आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
#MahilaRojgarYojana #Bihar #NitishKumar #SushasanBabu
