मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना: 10 लाख महिलाओं को ₹10,000 की सहायता, भागलपुर की फूलन कुमारी बोलीं—“इस राशि ने हमें आत्मनिर्भर बनाया”


रिपोर्ट – शयामानंद सिह, भागलपुर

भागलपुर। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना (MMRY) के तहत शुक्रवार को राज्य की 10 लाख महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से ₹10,000 की सहायता राशि भेजी गई। इस योजना से भागलपुर जिले की लगभग 10,000 महिलाओं को लाभ मिला है।

जिला मुख्यालय स्थित समीक्षा भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लाभार्थी महिलाएं उपस्थित रहीं। यह कार्यक्रम पटना में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे जुड़ा रहा।

सीएम ने की भागलपुर की फूलन कुमारी से बातचीत

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भागलपुर की जीविका दीदी फूलन कुमारी से सीधे संवाद किया। फूलन कुमारी ने बताया कि उन्हें मिली ₹10,000 की राशि ने उनकी जिंदगी में आत्मनिर्भरता की नई राह खोली है।

उन्होंने कहा—
“इस राशि ने हमें आत्मनिर्भर बनाया है। पहले महिलाओं को सम्मान और अवसर कम मिलता था, लेकिन मुख्यमंत्री जी की इस पहल ने हमारे जीवन में नई रोशनी लाई है।”

फूलन कुमारी ने बताया कि उन्होंने योजना से मिली राशि से अपने गांव में कपड़ों की छोटी दुकान शुरू की है। इससे उन्हें प्रतिदिन 200–300 रुपये की आय हो रही है। उन्होंने कहा कि यह सहायता न सिर्फ उनके लिए, बल्कि पूरे गांव की महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।

महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने का लक्ष्य

सरकार का दावा है कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना, उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना तथा आत्मनिर्भरता के माध्यम से उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।

कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और जीविका से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

फूलन कुमारी, लाभुक महिला
“सरकार की ओर से मिली राशि से मैंने अपने गांव में कपड़ों की दुकान शुरू की है। अब रोज 200–300 की आमदनी हो जाती है। मेरे जैसे कई परिवारों के लिए यह योजना उम्मीद की किरण है।”

आशा देवी, लाभुक महिला
“पहले रोजगार का अवसर ढूंढ़ना मुश्किल होता था। अब पूंजी मिलने से हम अपने पैरों पर खड़े हो रहे हैं। ऐसी योजनाओं से गांव की महिलाएं आगे बढ़ रही हैं।”

डॉ. नवल किशोर चौधरी, जिलाधिकारी, भागलपुर
“मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। आज बड़ी संख्या में महिलाओं को सहायता राशि प्रदान की गई है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *