विशेष केंद्रीय कारा में अपर समाहर्ता के नेतृत्व में औचक छापामारी, स्थिति सामान्य मिली

भागलपुर
भागलपुर के विशेष केंद्रीय कारा में शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने औचक छापामारी की। यह कार्रवाई अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) राकेश रंजन और पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय–02 मोहम्मद अयूब खान के नेतृत्व में तृतीय खंड में की गई।
छापामारी दल में पुलिस उपाधीक्षक, साइबर सिक्योरिटी और जिला भू-अर्जन पदाधिकारी भी शामिल थे। अधिकारियों ने कारा परिसर के विभिन्न हिस्सों की जांच की और सुरक्षा, व्यवस्था तथा गतिविधियों का विस्तार से निरीक्षण किया।
करीब एक घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु या गतिविधि की जानकारी नहीं मिली। निरीक्षण टीम ने बताया कि कारा परिसर की स्थिति सामान्य पाई गई और व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं।
जिला प्रशासन भागलपुर और पुलिस विभाग के अनुसार ऐसे औचक निरीक्षण समय–समय पर किए जाते हैं, ताकि कारा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत रोक लगाई जा सके।
