प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की जयंती पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दी श्रद्धांजलि

पटना। देश के प्रथम राष्ट्रपति और स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की जयंती के अवसर पर मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजेन्द्र चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री सुबह तय समय पर राजेन्द्र चौक पहुंचे, जहां उन्होंने पुष्प अर्पित कर भारत रत्न डॉ. प्रसाद को श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला राजेन्द्र घाट पहुँचा, जहां डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की समाधि पर राज्य सरकार की ओर से राजकीय सम्मान के साथ पुष्पचक्र अर्पित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि देशरत्न का जीवन, संघर्ष और सादगी भारतीय लोकतंत्र की अमूल्य धरोहर है। उनकी तपस्या, ईमानदारी और राष्ट्रनिर्माण में योगदान आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करता है।
कार्यक्रम में राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। सभी ने प्रथम राष्ट्रपति के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की जयंती पर पूरे राज्य में विभिन्न सरकारी एवं सामाजिक संस्थानों द्वारा श्रद्धांजलि सभाओं, विचार गोष्ठियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
