मेधा दिवस पर देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद को नमन, मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित

जगदीशपुर। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जगदीशपुर और मध्य विद्यालय जगदीशपुर में बुधवार को मेधा दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत देश के प्रथम राष्ट्रपति और संविधान सभा के अध्यक्ष देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करते हुए की गई।
मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक आशुतोष चन्द्र मिश्र ने कहा कि विश्व के सबसे मेधावी छात्रों में गिने जाने वाले डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के जन्मदिवस को मेधा दिवस के रूप में मनाना वास्तव में गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि डॉ. प्रसाद ने अपने ज्ञान, सादगी और त्याग से देश का मार्गदर्शन किया। उनके आदर्श आज भी विद्यार्थियों के लिए प्रकाशस्तंभ हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रत्येक वर्ग के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया, ताकि अन्य छात्र भी प्रेरित हों और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित हों। प्रधानाध्यापक ने छात्रों से कहा कि देशरत्न के सिद्धांतों और आदर्शों को आत्मसात करने से ही जीवन में सफलता और उज्ज्वल भविष्य की राह बनती है।
इस अवसर पर शिक्षक अभिनाश सरोज, वीणा कुमारी, शाहिना खातून, प्रतिमा मिश्रा, वी.वी. नाहिदा, निर्भय कुमार, अमित कुमार सिंह, वार्डेन सपना कुमारी, शिक्षिका फूल कुमारी, शारिका निगार, कर्मी वृंदा, रिंकू, सुशीला सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम दौरान विद्यालय परिसर उत्साह और प्रेरणा से सराबोर रहा।
