48 घंटे में सारण पुलिस की दूसरी बड़ी कार्रवाई, शराब माफिया से मुठभेड़ – 5 गिरफ्तार, भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद

सारण। शराब माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारण पुलिस ने 48 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी सफलता हासिल की है। मंगलवार देर रात पुलिस और शराब तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक तस्कर गोली लगने से घायल हो गया। मौके से 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि भारी मात्रा में विदेशी शराब और हथियार बरामद किए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, गिरोह नाव के जरिये शराब की बड़ी खेप नदी के रास्ते ले जा रहा था। गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान तस्करों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक तस्कर घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसएसपी कुमार आशीष ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों से एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और सैकड़ों लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। गिरोह राज्य के विभिन्न जिलों में शराब की आपूर्ति करने में सक्रिय था। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से शराब तस्करी नेटवर्क को बड़ा नुकसान पहुँचा है।

उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून लागू है और उसके उल्लंघन पर किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी। शराब तस्करी और अवैध कारोबार में शामिल तत्वों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।

सारण पुलिस की इस कार्रवाई की व्यापक चर्चा है, और स्थानीय लोग इसे अपराधियों पर कड़ा प्रहार बता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *